


कतरास ! कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद 04 नंबर में बीते 27 मई की रात हुई मारपीट और फायरिंग मामले में धनबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त देशी पिस्टल, जिंदा गोली, खोखा तथा एक स्कॉर्पियो वाहन बरामद किया गया है।
जानकारी के अनुसार, कतरास थाना कांड संख्या-152/26 दिनांक 28 मई 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में 20 नामजद एवं 8 से 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई थी। वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाघमारा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार यादव (28), विवेक कुमार ठाकुर (25) एवं करण कुमार दास (32) के रूप में की है। तीनों कतरास थाना क्षेत्र के रहने वाले बताए जाते हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार यादव की निशानदेही पर एक देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली, दो खोखा तथा काले रंग की स्कॉर्पियो (संख्या JH10CK-0025) बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि अमित यादव और विकास बजरंगी के बीच पुरानी रंजिश को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था।
बताया गया कि 27 मई की रात दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच मारपीट हुई, जिसके बाद एक-दूसरे को डराने के उद्देश्य से 3 से 4 राउंड हवाई फायरिंग की गई। इसी दौरान घटनास्थल के समीप अपने घर की छत से शोर सुनकर नीचे देख रहे तौशिफ अंसारी के कंधे में गोली लग गई। वहीं मारपीट में शामिल नीतिश यादव के पैर में भी गोली लगी।
पुलिस ने कहा है कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।









Leave a Reply