हाई कोर्ट के फैसले के बाद जमीन पर समतलीकरण शुरू, विरोध के बीच पुलिस तैनात


तेतुलमारी। बाघमारा अनुमंडल क्षेत्र के तेतुलमारी नगरीकला उत्तर पंचायत स्थित सर्वमंगला पब्लिक स्कूल के समीप 8 लेन के पास शुक्रवार को 1 एकड़ 08 डिसमिल जमीन को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। झारखंड हाई कोर्ट के फैसले के बाद रैयत प्रणव भद्रा की ओर से उक्त जमीन पर समतलीकरण एवं जेसीबी से बुनियाद खोदने का कार्य शुरू कराया गया।
जमीन को लेकर किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और विधि-व्यवस्था बनी रहे, इसके लिए तेतुलमारी, राजगंज, रामकनाली, अंगारपथरा, धर्माबांध तथा ईस्ट बसूरिया ओपी की पुलिस मौके पर तैनात रही।
श्मशान घाट के रूप में इस्तेमाल होने का दावा
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, उक्त जमीन का पूर्व में श्मशान घाट के रूप में इस्तेमाल होता था। वहीं, जमीन पर कार्य करा रहे प्रणव भद्रा का दावा है कि 1 एकड़ 08 डिसमिल जमीन उनके नाम पर दर्ज है। इसी स्वामित्व को लेकर मामला झारखंड हाई कोर्ट तक पहुंचा था। हाई कोर्ट का फैसला अपने पक्ष में आने के बाद उन्होंने जमीन पर निर्माण संबंधी कार्य शुरू कराया।
बच्चों के पहुंचने से बढ़ा तनाव
इसी दौरान दर्जनभर से अधिक बच्चे फुटबॉल लेकर मौके पर पहुंच गए। उनके साथ कुछ महिलाएं भी थीं। बच्चों के मैदान में खेलने तथा जमीन पर चल रहे निर्माण कार्य को लेकर मौके पर तनाव की स्थिति बनने लगी। हालांकि, पुलिस ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए सभी को समझा-बुझाकर वहां से हटा दिया।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी पक्ष के समर्थन में नहीं है। पुलिस का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल विधि-व्यवस्था बनाए रखना है। पुलिस के अनुसार, यदि किसी पक्ष के पास कार्य रोकने संबंधी सक्षम न्यायालय का स्थगन आदेश (स्टे ऑर्डर) है, तो उसे प्रस्तुत करने के बाद ही नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
पूर्व मुखिया ने भी जताया विरोध
जानकारी के अनुसार, पूर्व मुखिया नरेश महतो ने जमीन को सरकारी जमीन बताते हुए वहां चल रहे कार्य को रोकने का प्रयास किया। पुलिस ने उन्हें भी समझाया और स्थिति को शांत कराने के लिए थाना परिसर ले गई।
फिलहाल पुलिस की निगरानी में जमीन पर कार्य जारी रहा। वहीं, जमीन के स्वामित्व और पूर्व में उसके उपयोग को लेकर स्थानीय स्तर पर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग दावे किए जा रहे हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *