
धनबाद। भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के सीएमडी मनोज अग्रवाल द्वारा 10 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर किए जाने के बाद कोयलांचल बचाओ संघर्ष मोर्चा के नेता हंजलाबीन हक ने अनोखे तरीके से विरोध दर्ज कराने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि वे धनबाद की जनता से भिक्षा के रूप में केवल सिक्के एकत्र कर 10 करोड़ रुपये की राशि जुटाने का प्रयास करेंगे और उसे प्रतीकात्मक रूप से बीसीसीएल सीएमडी को सौंपेंगे।
हंजलाबीन हक ने कहा कि उनके पास इतनी बड़ी राशि का भुगतान करने की आर्थिक क्षमता नहीं है। ऐसे में वे “बीसीसीएल बचाओ, धनबाद बचाओ संकल्प सभा” के बैनर तले रणधीर वर्मा चौक पर लोगों से पुराने सिक्कों की भिक्षा मांगकर जनसमर्थन जुटाएंगे।
उन्होंने दावा किया कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति विशेष की मानहानि करना नहीं है, बल्कि बीसीसीएल में कथित कोयला चोरी और भ्रष्टाचार जैसे मुद्दों को जनहित में उठाना है। उनके अनुसार, वे लंबे समय से इन विषयों को सार्वजनिक मंचों पर उठाते रहे हैं और आगे भी जनता से जुड़े मुद्दों पर आवाज बुलंद करते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि बीसीसीएल के सीएमडी मनोज अग्रवाल ने हंजलाबीन हक के विरुद्ध कथित रूप से कोयला चोरी से जुड़े आरोपों को लेकर 10 करोड़ रुपये का मानहानि दावा दायर किया है। इस घटनाक्रम के बाद धनबाद और कोयलांचल क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक तथा सामाजिक स्तर पर चर्चा तेज हो गई है।
हालांकि, मामले में दोनों पक्षों के अपने-अपने दावे हैं और इसकी अंतिम स्थिति न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही स्पष्ट होगी।









Leave a Reply