कतरास फोर लेन में ट्रक ने कार को कुचला; दो अन्य कार चपेट में,पुलिस की तत्परता से महज आधे घंटे में सड़क जाम से मुक्त

कतरास : कतरास के राहुल चौक के समीप स्थित कतरास–निचितपुर लिंक रेलवे फाटक के पास बुधवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्विफ्ट डिजायर कार को कुचल दिया, जिसकी चपेट में पास से गुजर रही स्कॉर्पियो और ब्रीजा भी आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्विफ्ट डिजायर आगे और पीछे दोनों तरफ से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
कार में कुल पांच लोग सवार थे, जो बोकारो थर्मल से रानीगंज जा रहे थे। गनीमत रही कि इस भयावह हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई। कार सवार इम्तियाज़ अंसारी ने बताया कि टक्कर के बाद भी ट्रक चालक वाहन को रगड़ते हुए आगे बढ़ता रहा। उन्होंने कहा कि समय रहते सभी लोग गाड़ी से बाहर निकल गए, वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना के बाद फाटक के पास स्विफ्ट कर स्कॉर्पियो और ट्रक फंस गई। घटना के बाद फोर लेन सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया और यातायात बहाल करा दिया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कतरास पुलिस की तत्परता से आधे घंटे में सड़क हुई क्लियर

हादसे के बाद फोर लेन सड़क पर लंबा जाम लग गया था और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया था। गाड़ियां फाटक के बीच बहुत बुरी तरह से फंसी थी। लेकिन सूचना मिलते ही कतरास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और तत्काल राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने जेसीबी की मदद से बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे हटवाया।
पुलिस की तत्परता के कारण महज आधे घंटे के भीतर जाम हटाकर यातायात सामान्य कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *