भूली मोड़ पर दिनदहाड़े फायरिंग, फहीम खान के भाई समेत दो घायलसात खोखा बरामद, हमलावर फरार; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस


धनबाद। भूली मोड़ क्षेत्र में सोमवार को पूर्वाह्न करीब 10:30 बजे दिनदहाड़े हुई गोलीबारी से इलाके में सनसनी फैल गई। अज्ञात अपराधियों ने गैंगस्टर फहीम खान के भाई सानू खान और उसके साथ मौजूद सद्दाम पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। घटना में दोनों गोली लगने से घायल हो गए। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
बताया जाता है कि सानू खान और सद्दाम किसी काम से भूली मोड़ पहुंचे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए अपराधियों ने दोनों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरातफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। सानू खान को असर्फी अस्पताल, जबकि सद्दाम को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां दोनों का इलाज चल रहा है।
इधर, गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से सात खोखे बरामद किए हैं। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फायरिंग करने वाले अपराधियों की पहचान हो सके।
पुलिस घटना के कारणों के साथ-साथ हमलावरों की पहचान और उनके भागने के रास्ते की भी जांच कर रही है। संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। दिनदहाड़े हुई फायरिंग के बाद भूली मोड़ और आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *