रामकनाली में घर में घुसकर मारपीट, छिनतई व दुष्कर्म के प्रयास का मामला

कतरास। रामकनाली ओपी क्षेत्र में बुधवार की देर रात घर में घुसकर मारपीट, छिनतई और महिला के साथ दुष्कर्म के प्रयास का मामला सामने आया है। घटना में एक महिला के घायल होने की भी बात सामने आई है। मामले को लेकर पूजा कुमारी ने रामकनाली ओपी में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

शिकायत के अनुसार, रामकनाली के रहने वाले बीसीसीएल कर्मी शंकर प्रसाद कुंभकार के घर एकराम नामक युवक दो अज्ञात लोगों के साथ पहुंचा। वहां शंकर कुंभकार की पत्नी जयंती देवी से पैसे की मांग करने लगा। पैसे देने से इनकार करने पर जयंती देवी से युवकों ने मारपीट की। धारदार हथियार से वार कर जयंती देवी को चोटिल कर दिया। शंकर प्रसाद कुंभकार की पुत्रवधू व सोनू कुंभकार की पत्नी पूजा कुमारी ने बताया कि सास को बचाने के लिए जब वह बीच-बचाव करने पहुंचीं, तो एकराम ने उनके साथ भी जबरदस्ती करने का प्रयास किया और कपड़े खींचकर निर्वस्त्र करने की कोशिश की। शोर मचाने पर आरोपी सोने का लॉकेट छीन कर फरार हो गए।

इसके बाद पूजा कुमारी अपनी घायल सास को इलाज के लिए चिकित्सक के पास ले गईं और उपचार कराने के बाद रामकनाली ओपी पहुंचकर शिकायत दी।

पूजा कुमारी ने पुलिस से मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इधर मामले की जानकारी के लिए रामकनाली पुलिस से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन संपर्क नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *