जल, जंगल, जमीन की लड़ाई तेज: खरनी में पत्थर खनन के खिलाफ ग्रामीणों का हल्लाबोल, भूख हड़ताल की चेतावनी

खेती की जमीन, श्मशान घाट, जोड़िया और अमृत सरोवर को नुकसान पहुंचाने का आरोप; ग्रामीणों ने कहा- गांव का भविष्य उजाड़ने नहीं देंगे

तोपचांची (धनबाद): खेतों में फसलें लहलहाएं, तालाब में पानी रहे और गांव की प्राकृतिक संपदा सुरक्षित रहे, यही किसी भी ग्रामीण समाज की बुनियादी जरूरत है। लेकिन जब विकास और रोजगार के नाम पर गांव की जमीन और प्राकृतिक संसाधनों पर संकट मंडराने लगे, तो विरोध की आवाज उठना लाजिमी है। तोपचांची प्रखंड की ढांगी पंचायत के खरनी गांव में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां पत्थर खनन के खिलाफ ग्रामीण एकजुट होकर सड़क पर उतर आए।

ग्रामीणों ने जोरदार विरोध जताते हुए साफ कहा कि गांव की जमीन, जलस्रोत और भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ग्रामीणों का आरोप है कि घनी आबादी वाले गांव के बीचों-बीच खेती योग्य जमीन पर पत्थर खनन किया जा रहा है। इससे न केवल कृषि भूमि, बल्कि गांव के पारंपरिक जलस्रोतों और सार्वजनिक संपत्तियों पर भी खतरा मंडरा रहा है।

अमृत सरोवर से श्मशान घाट तक, कई संसाधनों पर संकट का आरोप

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पत्थर खनन की गतिविधियों से गांव के श्मशान घाट, जोड़िया (प्राकृतिक जलधाराओं), अमृत सरोवर तालाब और ग्रामीण सड़कों को नुकसान पहुंचा है। ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर खनन के नाम पर गांव की पहचान और प्राकृतिक संपदा को कितनी कीमत चुकानी पड़ेगी? जिन संसाधनों पर ग्रामीणों की जिंदगी निर्भर है, अगर वही सुरक्षित नहीं रहेंगे तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य कैसे बचेगा?

बच्चों के भविष्य को लेकर ग्रामीणों की चिंता

विरोध कर रहे ग्रामीणों का कहना है कि यह लड़ाई सिर्फ आज की जमीन या मुनाफे की नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के अधिकारों की है। यदि इसी तरह पत्थर खनन जारी रहा तो आने वाले समय में पूरा क्षेत्र बर्बादी की कगार पर पहुंच सकता है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि कल जब उनके बच्चे अपनी जमीन, तालाब और गांव के अस्तित्व को लेकर सवाल करेंगे, तब वे उन्हें क्या जवाब देंगे?

आंदोलन तेज करने और भूख हड़ताल की चेतावनी

इसी चिंता को लेकर ग्रामीण गोलबंद हुए और प्रशासन से तत्काल पत्थर खनन बंद कराने की मांग की। ग्रामीणों का नेतृत्व कर रहीं जिला परिषद उपाध्यक्ष सरिता देवी और सांसद प्रतिनिधि सुभाष रवानी ने कहा कि गांव को बचाना उनकी प्राथमिकता है। जरूरत पड़ी तो आने वाले दिनों में बड़े पैमाने पर आंदोलन किया जाएगा। यहां तक कि मांगों को लेकर भूख हड़ताल भी की जाएगी।

अब प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी निगाहें

ग्रामीणों की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और कथित रूप से प्रभावित खेती योग्य जमीन, अमृत सरोवर, श्मशान घाट, प्राकृतिक जलधाराओं तथा ग्रामीण सड़कों की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया जाए। साथ ही जांच पूरी होने तक विवादित खनन गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग भी उठ रही है।

अब सवाल जिला प्रशासन से है कि क्या ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कोई ठोस कदम उठाया जाएगा? क्या जलस्रोतों और सार्वजनिक संपत्तियों को सुरक्षित रखने के लिए कार्रवाई होगी?

ग्रामीणों का संदेश साफ है— विकास का विरोध नहीं, लेकिन गांव के अस्तित्व की कीमत पर विकास स्वीकार नहीं। क्योंकि सवाल सिर्फ पत्थर खनन का नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य का है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *