जमीन विवाद में जान का खतरा, हत्या की साजिश का आरोपझामुमो युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सूरज महतो ने प्रेस वार्ता में लगाए गंभीर आरोप

कतरास

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सूरज महतो ने जमीन विवाद को लेकर अपनी और अपने भाई दीपेश कुमार महतो की जान को खतरा होने की आशंका जताई है। काको स्थित अपने कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने आरोप लगाया कि महज 3 डिसमिल जमीन को लेकर उनके भाई की हत्या की साजिश रची जा रही है।
सूरज महतो ने आरोप लगाया कि राजा मंडल, मुकेश मंडल एवं उनके सहयोगी हथियारबंद लोगों के साथ उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संबंधित भूमि विवाद का मामला सिविल न्यायालय धनबाद में विचाराधीन है, इसके बावजूद दबंगई के बल पर जमीन कब्जाने की कोशिश की जा रही है।
उन्होंने बताया कि 22 मई को कुछ अपराधी प्रवृत्ति के लोग हथियारों के साथ विवादित जमीन पर पहुंचे और जबरन चारदीवारी निर्माण कर कब्जा करने का प्रयास किया। सूरज महतो के अनुसार, आरोपी पक्ष के लोग काको मोड़ स्थित एक होटल में अक्सर जुटते हैं और वहीं से गतिविधियों को संचालित करते हैं।
प्रेस वार्ता में उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2024 में भी उन पर गोलीबारी और बम से हमला किया गया था। अब एक बार फिर उनकी तथा उनके भाई दीपेश कुमार महतो की हत्या की योजना बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की सूचना प्रशासन को दी गई है।
हालांकि सूरज महतो ने स्थानीय पुलिस एवं प्रशासन पर भरोसा जताते हुए कहा कि जब भी पुलिस या प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचते हैं, आरोपी वहां से फरार हो जाते हैं। उन्होंने प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच कर सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *