
तेतुलमारी। आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर तेतुलमारी थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने की।
बैठक में थाना प्रभारी ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि मुहर्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा आपसी भाईचारा, प्रेम और सामाजिक सद्भाव बनाए रखते हुए त्योहार मनाएं। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों को अनावश्यक रूप से तूल न दिया जाए और किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल पुलिस-प्रशासन को दी जाए।
बैठक में ताजिया जुलूस के मार्ग, समय निर्धारण एवं ट्रैफिक व्यवस्था समेत विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई। साथ ही जुलूस के दौरान बिजली, पेयजल एवं साफ-सफाई जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने का आश्वासन भी दिया गया।
थाना प्रभारी विवेक चौधरी ने कहा कि मुहर्रम के सभी जुलूसों पर पुलिस-प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। यदि कोई असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने क्षेत्रवासियों से शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
बैठक में पार्षद छोटू सिंह मुखिया अशोक ठाकुर, वीरेन्द्र सिंह, मनोज कुमार, उपेन्द्र प्रजापति, चंदन महतो, नगेन्द्र सिंह, मो. मोइनुद्दीन, मो. जहीर हुसैन, मो. राजाउद्दीन, सिराजुद्दीन अंसारी, मो. अब्दुल्ला सहित क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा क्षेत्र में शांति-व्यवस्था बनाए रखने का संकल्प व्यक्त किया।








Leave a Reply