धनबाद में अवैध कोयला खनन बना मौत का गड्ढा, चाल धंसने से महिला की मौतबाघमारा


कतरास (धनबाद)।  बाघमारा प्रखंड के चिटाही क्षेत्र में गुरुवार सुबह कथित अवैध कोयला खनन के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान की चाल धंसने से एक महिला की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस के पहुंचने से पहले ही शव का अंतिम संस्कार कर दिए जाने की चर्चा से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, तड़के चिटाही स्थित कथित अवैध खनन स्थल पर कोयला निकाला जा रहा था। इसी दौरान अचानक खदान की चाल धंस गई, जिससे वहां काम कर रही एक महिला मलबे में दब गई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पुलिस के पहुंचने से पहले ही अवैध खनन से जुड़े लोगों ने मलबे से शव निकालकर उसे दामोदर नदी किनारे ले जाकर अंतिम संस्कार कर दिया। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
चिटाही और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से कथित अवैध कोयला खनन की शिकायतें सामने आती रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण ऐसे हादसे लगातार हो रहे हैं और गरीब मजदूर अपनी जान जोखिम में डालने को मजबूर हैं।
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, मृतका की पहचान सार्वजनिक करने तथा अवैध खनन और कथित रूप से साक्ष्य मिटाने में शामिल लोगों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। आधिकारिक जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के सभी तथ्यों की पुष्टि हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *