


कतरास। कतरास थाना पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी की एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल भी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के मटरूखा निवासी 19 वर्षीय सूरज मंडल और 18 वर्षीय सत्यम कुमार मंडल के रूप में हुई है।
थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि रविवार को राहुल चौक के समीप वाहन चोरी की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सूरज मंडल को एक मोटरसाइकिल चोरी करते हुए रंगेहाथ दबोच लिया। पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने सत्यम कुमार मंडल के घर छापेमारी की, जहां से चोरी की एक हीरो ग्लैमर मोटरसाइकिल बरामद कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने खुलासा किया कि वे प्रत्येक रविवार हटिया लगने के दिन बस से गिरिडीह से कतरास आते थे। पहले विभिन्न इलाकों में रेकी कर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों को चिन्हित करते थे और फिर मास्टर चाबी की मदद से उन्हें चोरी कर गिरिडीह ले जाते थे। वहां वाहनों की नंबर प्लेट बदलकर उन्हें बेच दिया जाता था।
इस संबंध में कतरास थाना कांड संख्या 200/26, दिनांक 27 जुलाई 2026 दर्ज कर संबंधित धाराओं के तहत अनुसंधान जारी है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों तथा चोरी की अन्य घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है।
धनबाद पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में डबल लॉक का प्रयोग करें तथा सड़क किनारे असुरक्षित स्थानों पर मोटरसाइकिल खड़ी करने से बचें, ताकि वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।









Leave a Reply