
कतरास। लिलौरी फाटक के समीप बुधवार दोपहर करीब 2 से 3 बजे के बीच तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की चपेट में आने से साइकिल सवार की मौत हो गई। घटना के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान कांको ढांगी निवासी आनंद महतो के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद महतो साइकिल से लिलौरी फाटक के पास से गुजर रहे थे। इसी दौरान उजले रंग की स्कॉर्पियो (जेएच10सीएफ-5166) के चालक ने कथित रूप से तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आनंद महतो गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोप है कि टक्कर के बाद चालक घायल को मौके पर छोड़कर वाहन समेत फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस पार्टी मौके पर पहुंची और घायल आनंद महतो को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए निचितपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इधर, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दुर्घटना में शामिल स्कॉर्पियो को उसके मालिक के घर से बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, वाहन को पानी से धोकर घर के गैरेज में छिपाकर रखा गया था। प्रारंभिक जांच में वाहन मालिक के ही गाड़ी चलाने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर विधि सम्मत अग्रेतर कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में शोक का माहौल है।








Leave a Reply