कतरास पुलिस ने जीएनएम इंटर कॉलेज में चलाया साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान
अनजान लोगों से इंस्टाग्राम पर दोस्ती से बचें, वीडियो कॉल भी नहीं उठाएं : प्रवीण कुमार
कतरास। वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार के निर्देश पर कतरास पुलिस की ओर से गुरुवार को जीएनएम इंटर कॉलेज, कतरास में साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान छात्र-छात्राओं को साइबर अपराध से बचाव के उपायों के साथ-साथ पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई।
कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति से इंस्टाग्राम या अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर दोस्ती नहीं करें। अनजान नंबर से आने वाली वीडियो कॉल को रिसीव करने से भी बचें। उन्होंने कहा कि किसी भी परिस्थिति में अपना ओटीपी, बैंक संबंधी जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।
थाना प्रभारी ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार होता है तो बिना देर किए 1930 पर इसकी सूचना दें। वहीं, किसी तरह की परेशानी, आपात स्थिति या सुरक्षा संबंधी समस्या होने पर 112 नंबर पर डायल कर पुलिस को सूचना दी जा सकती है। सूचना मिलते ही पुलिस आवश्यक कार्रवाई करेगी।
प्राचार्य रेखा कुमारी ने कहा कि पुलिस द्वारा दी गई साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी विद्यार्थियों के लिए बेहद उपयोगी है। छात्र-छात्राएं प्रशिक्षण में बताई गई सावधानियों को अपने व्यवहार में शत-प्रतिशत लागू करें, ताकि वे साइबर अपराधियों के जाल में फंसने से बच सकें।
मौके पर शिक्षक बबलू महतो, संकेता कुमारी, नीलू, शांतनु पांडेय, सिराज अहमद, सहायक निरीक्षक मनोज कुमार, दुर्गेश कुमार, पवन तिर्की सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।









Leave a Reply